राजगढ़ जिले में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए संचालित नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग के तहत उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जा रही है। सोमवार को आयोजित समीक्षा बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में कुल 13 बायो रिसोर्स सेंटर स्थापित किए जा चुके हैं, जिनमें से 8 केंद्रों द्वारा जैविक उत्पाद जीवामृत, बीजामृत एवं नीमास्त्र सफलतापूर्वक तैयार कर लिए गए हैं।
कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में इन उत्पादों को वैज्ञानिक प्रक्रिया से लगभग 45 दिनों में तैयार किया गया है। विशेष रूप से जिले के सभी बीआरसी में उत्पादों की पैकेजिंग एवं लेबलिंग में एकरूपता सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाणित उत्पाद उपलब्ध हो सकें। बैठक में जैविक उत्पादों की दरें भी निर्धारित की गईं।जीवामृत की कीमत 500 रुपये प्रति एकड़ (5 लीटर) तथा नीमास्त्र की कीमत 500 रुपये प्रति एकड़ (2 लीटर) तय की गई है। यह पहल किसानों को रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने के साथ-साथ टिकाऊ एवं किफायती खेती की दिशा में प्रेरित करेगी।