नीमच। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच सिटी पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महू रोड स्थित एक टीन शेड की दुकान से की गई टायर चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का माल व वारदात में इस्तेमाल ऑटो जब्त कर लिया है।
क्या था मामला:-
फरियादी सार्थक मोदी पिता अशोक मोदी ने नीमच सिटी थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी 'रतनम टायर्स प्राइवेट लिमिटेड' नामक दुकान, जो महू रोड स्थित जियो पेट्रोल पंप के पास टीन शेड में संचालित है, वहां से अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए। फरियादी के अनुसार, 4 अप्रैल की शाम दुकान बंद कर वे घर गए थे। अगले दिन सुबह जब वापस आए तो देखा कि दुकान के पीछे टीन शेड का चद्दर खुला था। स्टॉक चेक करने पर फोर व्हीलर के 20 और थ्री व्हीलर के 2 टायर गायब पाए गए। इस पर पुलिस ने धारा 331(2), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की मुस्तैदी और मुखबिर की सूचना:-
थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पा सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी बीच पुलिस को मिली पुख्ता सूचना के आधार पर 16 अप्रैल को टीम ने दबिश दी और दो संदिग्धों को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी:
1:-सुनील पिता धन्नालाल माली (26), निवासी हवाई अड्डा रोड, थाना बघाना।
2:-राजु पिता फिरोज खान (27), निवासी नयागांव, थाना जावद।
जब्त सामग्री:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में उपयोग किया गया तीन पहिया ऑटो (क्र. MP 44 R 073), जिसकी कीमत करीब 3 लाख रुपये है, और चोरी किए गए 22 नग टायर (कीमती 95 हजार रुपये) बरामद किए हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इन टायरों को कहां बेचने की योजना बनाई थी। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पा सिंह चौहान, साइबर सेल की टीम और थाना नीमच सिटी के पुलिसकर्मियों की सराहनीय भूमिका रही।