मनासा (नीमच)। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष रवि पाटीदार का पदभार ग्रहण करने से पूर्व क्षेत्र में ऐतिहासिक एवं भव्य स्वागत किया गया। सान्गाखेड़ा माताजी (देवरान) से प्रारंभ हुई 'युवा शंखनाद यात्रा' के नीमच की ओर प्रस्थान करने के दौरान मनासा के विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष का आत्मीय स्वागत कर उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
विधायक मारू का लिया आशीर्वाद
स्वागत कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष रवि पाटीदार ने मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर विधायक मारू ने पाटीदार को पुष्पमाला पहनाकर बधाई दी और विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जिले का युवा मोर्चा संगठन और अधिक सशक्त होगा तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।
विशाल वाहन रैली और युवा शंखनाद यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
सान्गाखेड़ा माताजी देवरान से शुरू हुई इस युवा शंखनाद यात्रा में बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। डीजे, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ निकली इस भव्य वाहन रैली में युवाओं का जोश देखते ही बन रहा था। पूरे मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर नवनियुक्त जिला अध्यक्ष का स्वागत किया गया। रैली में शामिल कार्यकर्ता पार्टी और संगठन के जयकारे लगाते हुए नीमच में पदभार ग्रहण समारोह स्थल की ओर रवाना हुए।
इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और युवा मोर्चा के कार्यकर्ता उपस्थित रहे।