नीमच महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं के प्रभावी
क्रियान्वयन और पात्र हितग्राहियों को समय-सीमा में लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य
से शुक्रवार को जिला कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग, नीमच में संभागीय संयुक्त संचालक राजेश मेहरा की
अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभागीय योजनाओं की
प्रगति की समीक्षा करते हुए लंबित शिकायतों के त्वरित निराकरण तथा हितग्राहियों को
गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश गुप्ता ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्पॉन्सरशिप योजना एवं पूरक पोषण आहार सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति का प्रस्तुतिकरण किया। योजनाओं के क्रियान्वयन में जिले की अच्छी स्थिति पर संभागीय संयुक्त संचालक मेहरा ने प्रसन्नता व्यक्त की।
पात्र हितग्राहियों को समय पर मिले योजनाओं का लाभ
समीक्षा बैठक में मेहरा ने निर्देश दिए कि शासन की योजनाओं का लाभ सभी
पात्र हितग्राहियों तक निर्धारित समय-सीमा में पहुंचाया जाए। सीएम हेल्पलाइन पर
लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करते हुए शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि का
विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन में समय-सीमा एवं
गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा
विभागीय समीक्षा बैठक से पूर्व संभागीय संयुक्त संचालक मेहरा ने जिले में
संचालित वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र की व्यवस्थाओं
एवं महिलाओं को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित
अधिकारियों को निर्देश दिए कि सहायता के लिए आने वाली महिलाओं के प्रति संवेदनशील
दृष्टिकोण अपनाते हुए उन्हें आवश्यक सहायता,
सुरक्षा एवं
समुचित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि जरूरतमंद महिलाओं को
समय पर प्रभावी सहयोग मिल सके।