ग्रीनको ग्रुप द्वारा नीमच जिले की रामपुरा तहसील के खेमला ब्लॉक में लगभग 414 हेक्टेयर भूमि पर तैयार किया जा रहा यह प्रोजेक्ट देश की सबसे बड़ी निर्माणाधीन स्वतंत्र पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना है।
- ऊर्जा का स्मार्ट उपयोग: यह परियोजना दिन के समय पैदा होने वाली अतिरिक्त सौर और पवन ऊर्जा को बर्बाद होने से बचाएगी। इस अतिरिक्त बिजली का उपयोग कर मौजूदा गांधीसागर जलाशय (निचले जलाशय) से पानी को पंप करके ऊपर बने नए जलाशय में संग्रहित किया जाएगा।
- पीक आवर्स में 6 घंटे बिजली: जब शाम या रात के समय (पीक आवर्स) बिजली की मांग सबसे अधिक होगी, तब ऊपरी जलाशय से पानी को नीचे छोड़कर लगातार 6 घंटे तक 1,920 मेगावाट बिजली का उत्पादन किया जाएगा। इससे बिजली वितरण कंपनियों को महंगी बिजली खरीदने से राहत मिलेगी और आम उपभोक्ताओं को सस्ती व निर्बाध बिजली उपलब्ध हो सकेगी।
परियोजना में कुल 9 टर्बाइन लगाए जा रहे हैं। अधिकारियों के अनुसार, इसी वर्ष दिसंबर 2026 से पहले टर्बाइन सेट का संचालन शुरू कर दिया जाएगा, जबकि जून 2027 तक पूरी परियोजना का वाणिज्यिक संचालन शुरू करने का लक्ष्य है।
- रोजगार के नए द्वार: इस मेगा प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य के दौरान करीब 4,000 लोगों को रोजगार मिला है। परियोजना के पूर्ण होने पर इसके संचालन और रखरखाव में लगभग 200 लोगों को स्थायी रोजगार मिलेगा। राज्य सरकार ने कंपनी को स्थानीय युवाओं को अधिकतम प्राथमिकता देने के निर्देश दिए हैं।
ऊर्जा के साथ-साथ गांधीसागर क्षेत्र में पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कूनो नेशनल पार्क के बाद गांधीसागर वन्यजीव अभयारण्य को प्रदेश में चीतों के दूसरे प्राकृतिक वास के रूप में विकसित किया गया है। इसके अतिरिक्त, 'गांधीसागर फ्लोटिंग फेस्टिवल', टेंट सिटी और वाटर स्पोर्ट्स जैसी गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित किया जा रहा है, जिससे स्थानीय स्तर पर हॉस्पिटैलिटी और हस्तशिल्प के क्षेत्र में भी रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं।