उधारी के पैसे और शादी के दबाव में महिला की हत्या, आरोपी को आजीवन कारावास
उधारी के पैसे और शादी के दबाव में महिला की हत्या, आरोपी को आजीवन कारावास
- शाहजहानाबाद क्षेत्र में चार साल पहले सेप्टिक टैंक में मिला था महिला का शव
- डीएनए रिपोर्ट, सीसीटीवी और मोबाइल सीडीआर बने सजा के मुख्य आधार
भोपाल। अवैध संबंधों और उधारी के पैसों को लेकर एक महिला की गला दबाकर हत्या करने तथा साक्ष्य छिपाने के मामले में न्यायालय ने आरोपी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। यह फैसला शुक्रवार को बारहवें अपर सत्र न्यायाधीश जयंत शर्मा की अदालत ने सुनाया।
विशेष लोक अभियोजक वर्षा कटारे ने बताया कि न्यायालय ने आरोपी राजेंद्र प्रसाद वैद्य उर्फ राजू उर्फ नंदकिशोर को हत्या (धारा 302 भादवि) के आरोप में आजीवन कारावास और एक हजार रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। इसके साथ ही साक्ष्य मिटाने (धारा 201 भादवि) के आरोप में तीन वर्ष के सश्रम कारावास और एक हजार रुपये जुर्माने की सजा भी सुनाई गई है। प्रकरण में शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक वर्षा कटारे ने पैरवी की।
क्या था पूरा मामला?
अभियोजन के अनुसार, 12 अक्टूबर 2022 को सूचनाकर्ता विजय सिंह ने शाहजहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित मरघटिया मंदिर के पास एक नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक में अज्ञात महिला का शव होने की सूचना दी थी। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर महिला की तस्वीर प्रसारित करने के बाद परिजनों ने मृतका की पहचान गीता बाई पत्नी नर्मदा प्रसाद के रूप में की।
सीसीटीवी और पूछताछ से खुला राज
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गीता बाई अक्सर मरघटिया मंदिर में आरोपी राजेंद्र प्रसाद वैद्य से मिलने जाती थी। जांच के दौरान पुलिस को मंदिर के पास के सीसीटीवी फुटेज में भी महिला जाती हुई दिखी और आरोपी घटनास्थल के आसपास संदिग्ध अवस्था में नजर आया।
पुलिस द्वारा हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि मृतका उस पर उधारी के पैसे लौटाने और शादी करने का दबाव बना रही थी। इसी बात को लेकर हुए विवाद और चीख-पुकार के दौरान उसने हाथों से गला दबाकर गीता बाई की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घोड़ा नक्कास बाजार से एक बड़ी बोरी लाया, उसमें शव को लपेटा और 12 अक्टूबर की रात करीब 1:15 बजे घसीटकर नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक में डालकर ऊपर से पटिया ढक दी।
वैज्ञानिक साक्ष्यों से साबित हुआ अपराध
विवेचना के दौरान घटना के समय आरोपी द्वारा पहने गए कपड़ों से मृतका के बाल बरामद हुए थे, जिनका डीएनए परीक्षण में मिलान हो गया। अदालत ने डीएनए रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज, दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों की अटूट श्रृंखला के आधार पर आरोपी को दोषी करार देते हुए यह सजा सुनाई।