नीमच में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो की टीम पर ड्रग तस्करों ने फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई के बाद तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए. सीबीएन ने 1349 किलो डोडाचूरा, अफीम, राइफल और कारतूस जब्त कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी
नीमच जिले में शनिवार तड़के केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) और ड्रग तस्करों के बीच फिल्मी अंदाज में आमना-सामना हो गया. फोरलेन बायपास पर मालखेड़ा फंटा के पास सीबीएन की टीम ने एक संदिग्ध पिकअप वाहन को रोकने की कोशिश की, लेकिन वाहन में सवार तस्करों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए और टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सीबीएन जवानों ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की ! फायरिंग के बीच तस्कर वाहन लेकर भाग निकले. जवाबी कार्रवाई में वाहन का पिछला टायर पंक्चर हो गया, लेकिन इसके बावजूद आरोपी करीब 8 किलोमीटर तक पिकअप दौड़ाते रहे. सीबीएन की टीम लगातार उनका पीछा करती रही और कई रास्तों पर घेराबंदी की गई. आखिरकार दबाव बढ़ता देख तस्कर ग्राम दुदरसी के पास एक रेस्टोरेंट के सामने वाहन छोड़कर फरार हो गए. भागते समय भी उन्होंने टीम पर पिस्टल से गोलियां चलाईं.
भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद
जब सीबीएन अधिकारियों ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में मादक पदार्थ बरामद हुए. पिकअप में रखे 64 प्लास्टिक कट्टों से कुल 1349 किलोग्राम डोडाचूरा और 580 ग्राम अफीम जब्त की गई. इसके अलावा वाहन से एक 315 बोर की स्पोर्टिंग राइफल, दो जिंदा कारतूस और पांच खाली खोखे भी मिले. बरामदगी की मात्रा को देखते हुए इसे क्षेत्र की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.
गिरफ्तारी के लिए अभियान
कार्रवाई के बाद जब्त मादक पदार्थों और हथियारों को सीबीएन कार्यालय लाया गया. अधिकारियों ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार तस्करों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों को लगाया गया है. सीबीएन का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इस पूरी कार्रवाई ने एक बार फिर नीमच-मंदसौर बेल्ट में सक्रिय ड्रग तस्करी नेटवर्क की चुनौती को उजागर कर दिया है.