नीमच,। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, नीमच में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 148 आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने सभी प्रकरणों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार, संवेदनशीलता के साथ तथा समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्वालटोली निवासी श्रीमती
शीलादेवी ने अपनी दिव्यांग पुत्री का नाम राशन कार्ड में जोड़ने संबंधी आवेदन
प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर
नाम दर्ज करने के निर्देश दिए।
इसी प्रकार स्टेशन रोड, वार्ड
क्रमांक 35 निवासी जेबुन्निसा ने विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने के संबंध
में आवेदन दिया। कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को प्रकरण का शीघ्र
परीक्षण कर नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खातीखेड़ा निवासी राधेश्याम तेली ने
प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण नहीं हो पाने संबंधी आवेदन
प्रस्तुत किया। इस पर कलेक्टर ने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को
प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में कब्रिस्तान की पुश्तैनी भूमि को राजस्व अभिलेख
में दर्ज कराने, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, मजदूरी का
समय पर भुगतान कराने,
आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के आकस्मिक निधन पर आर्थिक
सहायता उपलब्ध कराने,
शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, कृषि भूमि
का कब्जा एवं आवागमन का रास्ता दिलाने,
अर्जित अवकाश भुगतान, नवीन पात्रता पर्ची
जारी कराने, लाड़ली बहना योजना की राशि दिलाने, गृह ऋण
संबंधी समस्याओं सहित विभिन्न राजस्व,
सामाजिक सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से जुड़े आवेदन
प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने सभी विभागीय
अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन की आवश्यक जांच कर नियमानुसार
शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी
योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई शासन की
महत्वपूर्ण लोकहितैषी व्यवस्था है,
जिसका उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी एवं
त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता, जवाबदेही
एवं प्राथमिकता के साथ कार्रवाई की जाए।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, एसडीएम पराग जैन, डिप्टी कलेक्टर चंद्रसिंह धार्वे, डिप्टी कलेक्टर श्रुति भयड़िया सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।