मनासा। थाना मनासा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की एक बड़ी घटना का खुलासा करते हुए मात्र 30 घंटे के भीतर 8 लाख 60 हजार रुपये कीमत का ट्रैक्टर बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को भी गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
क्या था मामला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी का महिंद्रा कंपनी का लाल रंग का 'युवो टेक प्लस 575' ट्रैक्टर अज्ञात बदमाशों द्वारा 28-29 जून 2026 की दरमियानी रात्रि में चोरी कर लिया गया था। इस संबंध में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना मनासा में 30 जून 2026 को अपराध क्रमांक 319/26, धारा 303 (2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।
मुखबिर की सूचना पर मिली कामयाबी
पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी मनासा शाबेरा अंसारी के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना प्रभारी मनासा निलेश अवस्थी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी राहुल पिता कमल सिंगार (20 वर्ष), निवासी बईडा (राजस्थान), हाल मुकाम भाटखेड़ी बुजुर्ग, को हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
शत-प्रतिशत बरामदगी
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर मय सीडीएल (कीमती करीब 8 लाख 60 हजार रुपये) को शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है।
सराहनीय भूमिका
इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उप निरीक्षक तेजसिंह सिसोदिया, सउनि दिलीप कुमार कलमोदिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र मालवीय तथा आरक्षक ईश्वर चौहान, पिंकू मोगिया और विनोद भाटी की मुख्य भूमिका रही। क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।