मनासा: नगर परिषद मनासा की साधारण सभा की बैठक बुधवार, 24 जून 2026 को दोपहर 3 बजे परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष माननीया श्रीमती डॉ. सीमा अजय तिवारी ने की। इस अवसर पर उपाध्यक्ष किशोर जोलान्या, समस्त पार्षदगण एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी उपस्थित रहे।
नगर विकास और सौन्दर्यीकरण पर रहा जोर
बैठक में शहर के सर्वांगीण विकास के लिए कुल 20 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई। नगर के देवनारायण टंकी क्षेत्र का कायाकल्प कर उसे पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना को हरी झंडी दी गई। इसके साथ ही, शहर के प्रमुख चौराहों के सौन्दर्यीकरण और निकाय की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए नई जेसीबी मशीन क्रय करने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई।
बैठक के प्रमुख निर्णय:
टेण्डर प्रक्रिया: कार्यालय भवन के सुधार कार्यों, चौराहों के सौन्दर्यीकरण के लिए कन्सल्टेंट की नियुक्ति और निर्माण सामग्री के लिए पुनः टेण्डर आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया।
व्यावसायिक परिसर: आर.एल.बी. चौराहे पर स्थित नवनिर्मित कॉम्प्लेक्स की दुकान क्रमांक 07 और 08 को अलग-अलग कर विक्रय करने पर सहमति बनी। साथ ही, दुकानों का किराया निर्धारित किया गया।
नामान्तरण: बैठक में यह स्पष्ट किया गया कि नामान्तरण के प्रकरण आगामी बैठक में विकास शुल्क जमा होने के पश्चात ही प्रस्तुत किए जाएंगे।
सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई बैठक
बैठक के अंत में निकाय में पदस्थ रहे उपयंत्री रविश कादरी का स्थानांतरण होने पर परिषद द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। बैठक अत्यंत शांतिपूर्ण और सामंजस्यपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। अंत में मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया, जिसके पश्चात अध्यक्ष महोदया की अनुमति से बैठक का समापन हुआ।