मनासा। क्षेत्र के ग्राम पंचायत पावटी में मंगलवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। तेज हवाओं के चलते पंचायत द्वारा ग्रामीणों की सुविधा के लिए हाल ही में 12 लाख रुपये की लागत से बनाया गया डोम पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
पेड़ों के गिरने से हुआ बड़ा नुकसान
सरपंच गोपाल धनगर ने जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को क्षेत्र में करीब एक घंटे तक तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। इसी दौरान आंधी इतनी तेज थी कि डोम के पास स्थित एक विशाल पीपल का पेड़ जड़ से उखड़कर पास ही खड़े नीम के पेड़ पर जा गिरा। नीम का पेड़ पीपल का भार सहन नहीं कर सका और सीधा डोम के ऊपर आ गिरा। इस हादसे में लाखों की लागत से बना डोम पूरी तरह नष्ट हो गया है।
अधिकारियों को दी गई सूचना
ग्रामीणों के अनुसार, यह डोम क्षेत्र में होने वाले विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों और ग्रामीणों के बैठने की व्यवस्था के लिए बनाया गया था। घटना के तुरंत बाद सरपंच ने इसकी सूचना जनपद पंचायत सीईओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल प्रशासन द्वारा नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।