मनासा। तहसील मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर मंदसौर रोड स्थित ग्राम महागड़ चक में शनिवार को एक युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नारायण सिंह पिता भीम सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना मिलने पर मनासा पुलिस भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।
सुसाइड नोट में नामजद धमकी का उल्लेख
परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। परिजनों का आरोप है कि नारायण सिंह की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक की जेब से एक पत्र मिला। इस पत्र में नारायण सिंह ने नरेंद्र सिंह पिता भंवर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतक ने लिखा है कि नरेंद्र सिंह उसे लगातार धमका रहा था और जेसी बी से कुचलने या गड्ढा खोदकर गाड़ने की धमकी दे रहा था। पत्र में नरेंद्र सिंह के अलावा नेपाल सिंह और रणजीत नामक व्यक्तियों के नाम भी उल्लेखित हैं।
दोषियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर उतरे ग्रामीण
घटना के विरोध में और नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों व परिजनों ने महागड़ में चक्काजाम कर दिया। सड़क पर हुए इस प्रदर्शन के चलते मनासा-पिपल्या मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। चक्काजाम खुलवाने के लिए पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित ग्रामीणों को समझाइश देने का प्रयास किया। ग्रामीणों का स्पष्ट कहना था कि जब तक मुख्य आरोपी नरेंद्र सिंह की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक चक्काजाम नहीं खोला जाएगा।
पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में लगाए गए आरोपों और घटनास्थल के साक्ष्यों के आधार पर सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। फिलहाल, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है।