मनासा। संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौकी कंजार्डा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गए ट्रैक्टर को महज 6 दिनों के भीतर बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके साथी की तलाश जारी है।
थाना प्रभारी मनासा निलेश अवस्थी तथा चौकी प्रभारी कंजार्डा उपनिरीक्षक श्याम कुमावत के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
क्या था मामला?
फरियादी का लाल रंग का मैसी फर्गुसन 1035 ट्रैक्टर 27-28 मई 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। मामले में 1 जून 2026 को थाना मनासा में अपराध क्रमांक 268/26 धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
विवेचना के दौरान मुखबिर तंत्र से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी अजय धाकड़ (21 वर्ष), निवासी चौकड़ी, थाना मनासा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी मनीष प्रजापत निवासी बलकुंडी, थाना जावदा, जिला चित्तौड़गढ़ के साथ मिलकर ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार किया। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
9.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद
पुलिस ने चोरी गया मैसी फर्गुसन 1035 ट्रैक्टर (कीमत लगभग 8 लाख रुपये) शत-प्रतिशत बरामद कर लिया है। साथ ही घटना में प्रयुक्त एक्सट्रीम मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 1.50 लाख रुपये) भी जब्त की गई है। इस प्रकार पुलिस एवं साइबर टीम के संयुक्त प्रयास से कुल 9.50 लाख रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उपनिरीक्षक श्याम कुमावत, एएसआई पन्नालाल चौहान, प्रधान आरक्षक प्रदीप शिंदे (जिला साइबर टीम), आरक्षक मोहन, कृष्णपाल एवं ईश्वर सहित संपूर्ण चौकी कंजार्डा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।